टोहाना में दर्दनाक हादसा
टोहाना के चन्दड़ खुर्द गांव के पास ड्यूटी से घर लौट रहे जल विभाग के ट्यूबवेल ऑपरेटर आदेश कुमार (39 वर्ष) की पेड़ की टहनी गिरने से मौत हो गई। गांव इंदाछुई निवासी आदेश कुमार स्कूटी से लौट रहे थे। तेज आंधी में सड़क किनारे लगे पेड़ की बड़ी टहनी टूटकर उन पर गिर गई। राहगीरों ने उन्हें सिविल अस्पताल टोहाना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक अपनी पत्नी और दो छोटी बेटियों (7 और 5 वर्ष) के पीछे छोड़ गए हैं। सदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने सूखे-खोखले पेड़ों को तुरंत कटवाने की मांग की है।
झज्जर और गोहाना में अनाज मंडियों में भीगा गेहूं
झज्जर में अनाज मंडी में रखा गेहूं बारिश में भीग गया। नीलाहेड़ी गांव में बिजली गिरने से टेंट हाउस गोदाम में आग लग गई। एक घर का सौर ऊर्जा उपकरण भी जल गया। गोहाना में देर रात बारिश से अनाज मंडी में पानी भर गया। मंडी में करीब 30 लाख बैग गेहूं की आवक हो चुकी है, लेकिन केवल 45 प्रतिशत का ही उठान हो पाया है। अनुमान है कि करीब 1 लाख बैग गेहूं बारिश से खराब हो सकता है। किसानों और आढ़तियों ने समय पर उठान और बेहतर पानी निकासी की व्यवस्था की मांग की है। पूरे क्षेत्र में बिजली गुल होने और पेड़ गिरने से जन-जीवन प्रभावित रहा। प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं।
सिरसा में पिछले दो दिन से आंधी का प्रकोप जारी है। धूल भरी आंधी और तेज हवा से खेतों में फसलों को नुकसान हो रहा है। वहीं, मकान गिरने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इसी कड़ी में गांव नाथूसरी कला स्थित महर्षि दयानंद सरस्वती गौशाला में रात को तेज आंधी के चलते लोहे के बने दो शेड उखड़ कर दूर जा गिरे। इसके अलावा एक मकान की छत भी उखड़ गई जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। इस दौरान गनीमत यह रही की गायों को कोई नुकसान नहीं हुआ। गौशाला कमेटी सदस्यों व ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की है।