फूड सेफ्टी ऑफिसर की टीम ने वीरवार को जिले में मिठाइयों की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान टीम ने पांच दुकानों से घेवर व खोया घेवर के सैंपल लिए। सैंपलिंग टीम की भनक लगते ही बाजार में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग के फूड सेफ्टी ऑफिसर की टीम ने वीरवार को बाजार में छापेमारी कर सैंपलिंग अभियान चलाया। इस दौरान शहर के पांच दुकानों से सैंपल लिए गए। इनमें से चार दुकानों पर घेवर व एक दुकान से खोया घेवर के सैंपल लिए गए। टीम ने झज्जर शहर के दिल्ली गेट स्थित पोपी स्वीट्स, बहादुरगढ़ के झज्जर रोड स्थित भगवान स्वीट्स, रेलवे रोड की सुभाष स्वीट्स, गांधी मार्केट की बाबा स्वीट्स, दलाल डेयरी नई बस्ती बहादुरगढ़ में सैंपल लिए गए है। सैंपल को सील कर विभाग के द्वारा लैब में जांच के लिए भेजा जाएगा। अगर इस दौरान सैंपल फेल हो जाता है तो आरोपी दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
घेवर खाने से बीमार हो चुके हैं पांच लोग
झज्जर शहर में घेवर खाने से पांच दिन पहले पांच लोग बीमार हो गए थे। अमर उजाला ने इन लोगों के घेवर खाने से बीमार पड़ने के मामले को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद भी सैंपलिंग नहीं हुई तो अमर उजाला ने फेस्टिवल सीजन शुरू होने के बावजूद सैंपलिंग नहीं होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद वीरवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा संज्ञान लेते हुए सैपलिंग की गई है।
घेवर खाने से बीमार पड़ने की घटना के बाद संज्ञान लेते हुए सैंपलिंग प्रक्रिया शुरू की गई है। वीरवार को जिले की पांच दुकानों से घेवर के सैंपल लिए गए हैं। अगर सैंपल फेल हुए तो केस दायर किया जाएगा।
पृथ्वी सिंह, फूड सेफ्टी ऑफिसर, झज्जर।