बहादुरगढ़। मां से सीखी पारंपरिक कला को अर्चना ने कारोबार का रूप दे दिया है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी अर्चना टेराकोटा मिट्टी से आकर्षक आभूषण तैयार कर सालाना तीन से चार लाख रुपये तक का लाभ कमा रही हैं। इन दिनों एचएल सिटी में आयोजित हस्तशिल्प प्रदर्शनी में उनके स्टॉल पर महिलाओं की भीड़ जुट रही है और उनके बनाए गहनों की अच्छी मांग है।
15 वर्ष की उम्र में उन्होंने टेराकोटा मिट्टी से आभूषण बनाने का प्रशिक्षण लेना शुरू किया। उनकी मां ममता भी इस विधा में पारंगत हैं और हरियाणा राज्य स्तर पर पुरस्कार हासिल कर चुकी हैं। अर्चना मिट्टी को अपनी बारीक कारीगरी से ईयररिंग्स, नेकलेस, पेंडेंट और अन्य आभूषणों का रूप देती हैं। उनके डिजाइन में पारंपरिक कला के साथ आधुनिक फैशन का मेल देखने को मिलता है।
वह अपने उत्पादों की बिक्री के लिए सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल करती हैं। ऑरा रेडियन ज्वैलस नाम से उनका इंस्टाग्राम अकाउंट है जिसके माध्यम से वह ऑनलाइन ज्वैलरी बेचती हैं।
टेराकोटा आभूषणों के अलावा अर्चना को मेहंदी लगाने, मधुबनी पेंटिंग, मंडाला आर्ट और पॉट सजाने का भी हुनर है। मां से मिले इस कौशल को उन्होंने अपनी रचनात्मकता से नया विस्तार दिया है। हस्तनिर्मित उत्पादों के प्रति बढ़ती पसंद उनके इस काम को आगे बढ़ाने में मददगार साबित हो रही है।
दिल्ली विश्वविद्यालय में कर रही हैं पढ़ाई
अर्चना 15 साल पहले पिता महेश त्रिपाठी की नौकरी के चलते परिवार के साथ बहादुरगढ़ आ गई थीं। फिलहाल वह दिल्ली विश्वविद्यालय में इंग्लिश ऑनर्स तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। बचपन से ही उन्होंने अपनी मां ममता को मिट्टी से कलाकृतियां बनाते देखा। मां के इसी हुनर ने उन्हें इस कला की ओर आकर्षित किया।
फोटो 106: अर्चना की दुकान से खरीदारी करती महिला। संवाद
फोटो 107: अर्चना द्वारा बनाए गए टेराकोटा मिट्टी के आभूषण। संवाद
फोटो 106: अर्चना की दुकान से खरीदारी करती महिला। संवाद- फोटो : samvad