राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि इस बार आम आदमी पार्टी के बिना किसी की सरकार नहीं बनेगी। सरकार का रिमोट कंट्रोल इस बार अरविंद केजरीवाल के हाथ में होगा। संजय सिंह शनिवार शाम को शहर में रोड शो के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दिल्ली गेट से लेकर आंबेडकर चौक पर रोड शो किया।
संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी का चुनाव चिह्न झाड़ू है और यही झाड़ू बहुत काम आती है। किसी के दिमाग से भूत उतारने के लिए भी झाड़ू का प्रयोग होता है, इसलिए 5 अक्तूबर को आप सभी भाजपा के सिर पर जो सत्ता का भूत है, उसे झाडू़ मार-मार उतार देना और आप को जिताकर सत्ता का रिमोट कंट्रोल सौंपना।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल को बदनाम करने की कोशिश की गई। उनको जेल में डाला गया। केजरीवाल ने इस्तीफा दे दिया और कहा है कि वह तभी सीएम बनेंगे, जब दिल्ली की जनता उनको ईमानदारी का प्रमाण पत्र अगले चुनाव में 70 की 70 सीट जिताकर देगी।