झज्जर। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित बीएसपी क्रिकेट ग्राउंड में चल रही कूच बिहार ट्राॅफी हरियाणा भले ही हार गया हो, लेकिन झज्जर के छोरे सम्मी कादियान ने सभी का दिल जीत लिया है। सम्मी ने इस मैच की दोनों पारियों में कुल 8 विकेट चटकाने का काम किया। इसके अलावा दोनों पारियों में कुल 48 रन भी बनाए हैं।कूच बिहार ट्राॅफी के पहले ही मैच में हरियाणा को हार का सामना करना पड़ा। इसमें झज्जर के बेरी का सम्मी कादियान भी खेल रहा है। सम्मी ने इस मैच की दोनों पारियों में कुल 8 विकेट लिए हैं। इसके अलावा दोनों पारियों में कुल 48 रन भी बनाए। छत्तीसगढ़ की टीम ने हरियाणा को 296 रनों से हराया। कूच बिहार ट्रॉफी में अंडर-19 के खिलाड़ियों के मैच होते हैं। कूच बिहार ट्रॉफी के 2024-25 के सीजन की शुरुआत 6 नवंबर को हुई है। 10 जनवरी को कूच बिहार ट्रॉफी का समापन होगा।
पहली व दूसरी पारी में सम्मी ने लिए चार-चार विकेट
छत्तीसगढ़ की टीम ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। छत्तीसगढ़ की टीम ने पहली पारी में सभी विकेट खोकर 269 रन बनाए, इसमें छत्तीसगढ़ की तरफ से विकल्प तिवारी ने 132 रनों की शतकीय पारी खेली। हरियाणा की तरफ से पहली पारी में कनिष्क चौहान ने पांच और सम्मी कादियान ने चार विकेट लिए। हरियाणा ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 174 रन बनाए, इसमें सम्मी कादियान ने 41 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। छत्तीसगढ़ ने अपनी दूसरी पारी में 336 रन बनाए। हरियाणा की तरफ से दूसरी पारी में कनिष्क चौहान और सम्मी कादियान ने चार-चार विकेट लिए। हरियाणा अपनी दूसरी पारी में 135 रन ही बना सका, इसमें से कनिष्क चौहान ने सर्वाधिक 48 रन बनाए। छत्तीसगढ़ की टीम ने हरियाणा को 296 रनों से हराया। अब हरियाणा अपना अगला मैच 13 नवंबर को हैदराबाद के साथ खेलेगी।