-फोटो 57 : संग्रहित कर नंदीशाला में रखी गई खंडित मूर्तियों को दिखाते संत महात्मा व सनातन रक्षा
बहादुरगढ़। सनातन रक्षा दल से जुड़े सदस्यों ने पुरानी खंडित मूर्तियों को संग्रहित कर उनका विधि पूर्वक निस्तारण कराया। ये मूर्तियां पार्कों, पेड़ों के नीचे व नहर किनारे डाली हुई थी। इन्हें संग्रहित कर नंदीशाला परिसर में रखने का अभियान चलाया। शनिवार को स्वामी देवेद्रानंद, स्वामी ब्रह्मस्वरूप, नित्यानंद आश्रयदास ने इस संबंध में नंदीशाला में अपने विचार भी रखे। सनातनी रक्षा दल के प्रवक्ता अश्वनी कुमार का कहना है कि दीपावली व अन्य अवसरों पर लोग जाने-अनजाने या किसी और वजह से घरों में रखी पुरानी खंडित मूर्तियां, तस्वीरें पार्कों में पेड़ों के नीचे नहर किनारे रख देते हैं, जो सही नहीं है। इनका विधि पूर्वक निस्तारण करना चाहिए। हमें अपने आराध्य देवी-देवताओं का अपमान नहीं करना चाहिए। सनातनी रक्षा दल समय-समय पर इन सभी मूर्तियों को इकठ्ठा कर विधि पूर्वक निस्तारण करता है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि वे इस मुहिम में अपना योगदान दें और अन्य लोगों को भी जागरूक करें। पंडित श्रीराम शर्मा विचार मंच व अन्य संगठन भी इस अभियान में शामिल रहकर आमजन को जागरूक भी कर रहा है।