बहादुरगढ़ के कुंडली-मानेसर-पलवल एक्स्प्रेस वे पर मांडोठी टोल प्लाजा के निकट बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। इसमें चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जिन चार लोगों की जान गई है, उनमें एक पुरुष, एक महिला और दो लड़की शामिल हैं। सभी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि अभी नहीं हुई है लेकिन मृतक महिला का नाम अंजलि बताया जा रहा है। यह लोग राजस्थान से धार्मिक यात्रा कर मेरठ लौट रहे थे।
कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई
दरअसल मंगलवार की देर रात एक टाटा टियागो गाड़ी केएमपी पलवल मानेसर की दिशा से कुंडली की तरफ लौट रही थी। सुबह 3:20 पर रास्ते में चालक ने लघुशंका से निवृत्त होने के लिए मांडोठी टोल प्लाजा के निकट गाड़ी को रोक सड़क किनारे खड़ा कर दिया। चालक लघुशंका से निवृत्त होने के लिए चला गया। इस बीच पीछे से आए एक कैंटर की इस गाड़ी में जोरदार टक्कर लगी। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई।
जबकि दो घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल इन दोनों लोगों को पीजीआई रोहतक में भर्ती करवाया गया है। अपनी गाड़ी में कैंटर की टक्कर लगते ही चालक अरुण कुमार भागकर मौके पर पहुंचे उन्होंने मदद मांगने के लिए शोर मचाया। कुछ मिनट के बाद राहगीर और अन्य लोग पहुंचे। पुलिस को सूचित किया गया। घायलों को इलाज के लिए पीजीआई रोहतक भेजा गया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ पहुंचाया गया।
घटना में एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं। गाड़ी चालक से मिली जानकारी और उपलब्ध हुई अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस ने पीड़ित परिजनों को सूचित किया है। मेरठ से उनके बहादुरगढ़ पहुंचने के बाद ही मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी और शवों का पोस्टमार्टम होगा। ये सभी सभी लोग राजस्थान के पुष्कर, अजमेर और खाटू श्याम से दर्शन करके मेरठ की तरफ वापस लौट रहे थे।