हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार महर्षि दयानंद सरस्वती के दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए योजनाओं को लागू कर रही है। महर्षि दयानंद सरस्वती की उपयोगी पद्धति को अपनाते हुए सरकार की ओर से राष्ट्रहित में कल्याणकारी फैसले लिए जा रहे हैं। कृषि मंत्री दलाल शनिवार को झज्जर गुरुकुल महाविद्यालय के 104वें वार्षिकोत्सव में प्रात:कालीन सत्र में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। गुरुकुल महाविद्यालय की ओर से अधिष्ठाता आचार्य विजयपाल ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए गुरुकुल झज्जर के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वार्षिकोत्सव में पहुंचे कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने गुरुकुल परिसर में स्थित पुरातत्व संग्रहालय का अवलोकन किया और अद्भुत मूल्यवान वस्तुओं को देखते हुए गुरुकुल संग्रहालय को युवा शक्ति के लिए एक दर्शनीय व अनुकरणीय स्थल बताया। उन्होंने कहा कि गुरुकुल झज्जर का संग्रहालय निश्चित तौर पर पुरातत्व का अनूठा संचय है। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री दलाल ने कहा कि गुरुकुल महाविद्यालय शिक्षा व संस्कारों का केंद्र बिंदु है। यहां पुरातत्व संग्रहालय के रूप में जहां ऐतिहासिक धरोहर व सभ्यता देखने को मिल रही है वहीं शिक्षा प्रणाली युवा वर्ग में संस्कारों का समावेश करती है। उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने सत्यार्थ प्रकाश के रूप में जिस ग्रंथ की रचना की थी वह जीवन में आगे बढ़ने का संदेश देती है। पशुपालन मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती के दिखाए मार्ग पर आगे बढ़ते हुए सभी को अपनी सभ्यता को संजोए रखते हुए जीवन में नए लक्ष्य की प्राप्ति की ओर आगे बढ़ते रहना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गो सेवा के प्रति अपना कर्तव्य बेहतर ढंग से निभा रही है और यही कारण है कि गोवंश की सुरक्षा के मद्देनजर हरियाणा प्रदेश में कानून पारित किया गया है।
गुरुकुल कॉलेज व गोशाला के लिए दिए दस लाख रुपये
मंत्री दलाल ने कहा कि गुरुकुल महाविद्यालय के तत्वावधान में चल रही गोशालाएं गो सेवा के प्रति निभाए जा रहे दायित्व का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि किसान की आमदनी बढ़ाने के लिए भी सरकार की ओर से सकारात्मक कदम बढ़ाए जा रहे हैं और ग्रामीण विकास पर केंद्र व प्रदेश सरकार का पूरा फोकस है। उन्होंने गुरुकुल महाविद्यालय को 5 लाख रुपये और गुरुकुल संस्थान की ओर से चलाई जा रही गोशाला के सहयोग स्वरूप 5 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेंद्र दलाल, भाजपा नेता डॉ. राकेश, विरजानंद देवकर्णी, पूर्ण सिंह देशवाल, स्वामी परमानंद सरस्वती, उमेद आर्य, डॉ. आनंद कुमार पूर्व आईपीएस, स्वामी सुखानंद, सत्यवीर शास्त्री, डॉ. महावीर सहित जिला प्रशासन की ओर से एसडीएम झज्जर शिखा, नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह, कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. इंद्र सिंह, पशुपालन विभाग के उप निदेशक डॉ. मनीष डबास, जिला मत्स्य अधिकारी श्रीपाल राठी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री पटेल व प्रदेश के ऊर्जा मंत्री आज झज्जर
गुरुकुल महाविद्यालय के 104वें वार्षिकोत्सव में केंद्रीय पर्यटन एवं सांस्कृतिक मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल व हरियाणा के ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह 23 फरवरी को झज्जर पहुंचेंगे। रविवार की सुबह 11 बजे केंद्रीय पर्यटन मंत्री पटेल व हरियाणा के ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह, सांसद सुमेधानंद सरस्वती के साथ गुरुकुल में स्थित पुरातत्व संग्रहालय का अवलोकन करेंगे और उसके बाद वार्षिकोत्सव में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।