फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुमन सिटी के बाहर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

विज्ञापन
विज्ञापन
गुरुग्राम रोड स्थित सुमन सिटी व सेक्टर-छह के गेट के सामने वीरवार देर शाम एक युवक का शव मिला है। शव मिलने की सूचना पर पहुंची सिटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में रखवाया है। शनाख्त नहीं होने के कारण शव को यहां पर 72 घंटे तक रखा जाएगा। मृतक की हत्या होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम के बाद ही पता लग पाएगी।
विज्ञापन

सिटी थाना पुलिस ने वीरवार को सुमन सिटी व सेक्टर-छह के सामने एक युवक के शव को बरामद किया है। शव पर किसी प्रकार की चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि युवक की गला दबाकर हत्या हुई है। खास बात यह है कि युवक के पास से शनाख्त के लिए कोई सामान नहीं मिला है। मृतक की उम्र लगभग 28 साल है। मृतक के शरीर पर नीले रंग की पैंट जींस, पीले रंग की गोल गले की टी-शर्ट के ऊपर हल्के हरे रंग (स्लेटी) की शर्ट है। मृतक का शरीर हल्का, चेहरा गोल व रंग सांवला तथा कद लगभग 5 फुट 7 इंच है।
पोस्टमार्टम में खुलेंगे राज
शनाख्त के लिए अभी शव रखा गया है, इसलिए पोस्टमार्टम नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम के बाद ही युवक के शव मामले में तथ्य सामने आएंगे कि हत्या हुई है या फिर नेचुरल डेथ है। अभी यह भी स्पष्ट नहीं हुई है कि युवक की मौत हुई कब है। जिस हिसाब से झाड़ियों में शव मिला है, उससे कयास लगाए जा रहे हैं कि हत्या करके शव को यहां पर फेंका गया है। मृतक के मुंह से खून निकला हुआ है।
विज्ञापन

लापता लोगों की डिटेल खंगाल रही पुलिस
शव मिलने के बाद से सिटी थाना पुलिस झज्जर जिले के सभी थानों के एरिया से लापता युवकों की डिटेल निकाल रही है। लेकिन अभी तक किसी भी थाना की ओर से ऐसे किसी युवक की गुमशुदा होने की सूचना नहीं दी है। ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक किसी दूसरे जिले से संबंध रखने वाला भी हो सकता है या फिर अभी परिवारजनों ने युवक के लापता होने की शिकायत दर्ज नहीं करवाई होगी। मामले को ट्रेस करने के लिए पुलिस गुरुग्राम रोड के शोरूम व दुकानों के सीसीटीवी फुटेज जुटाने के भी प्रयास कर रही है ताकि शव की शिनाख्त होने में आसानी हो सके।
शव मिलने से सेक्टर छह में फिर बना दहशत का माहौल
सेक्टर छह के एरिया में लगातार हो रही वारदात के कारण दहशत का माहौल बना हुआ है। सेेक्टर के गेट के सामने शव मिलने से यहां के निवासी एक बार फिर से भय के साए में आ गए हैं। पांच हत्याओं के बाद सेक्टर-छह में हर कोई भयभीत होकर रह रहा है। इसके अलावा यहां के घर पर फायरिंग व कार जलाने की वारदात भी हो चुकी है। इतना ही नहीं काफी घरों से सेक्टर में चोरियों भी हो चुकी हैं। इन घटनाओं के चलते चौकी खुलवाने के लिए सेक्टर छह के लोगों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात भी की थी।
सेक्टर में तैनात है पीसीआर
सुरक्षा की दृष्टि से सेक्टर-छह में पुलिस की ओर से पीसीआर तैनात की गई है, जिस पर चार पुलिसकर्मियों की गार्द हर समय तैनात रहती है। रात के समय पीसीआर सेक्टर-छह में गश्त भी लगाती है। इसके बावजूद सेक्टर छह के एरिया में हुई इस वारदात ने सिस्टम पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। सेक्टर-छह में सुरक्षा की दृष्टि से गुरुग्राम रोड से आने वाले हर एंट्री प्वाइंट पर गेट लगवाए जाने की तैयारी चल रही है। इसके अलावा सीसीटीवी के लिए भी सेक्टर के निवासी प्लान बना चुके हैं। गेट पर गार्ड लगाने के लिए भी मीटिंग में चर्चा हो चुुकी है। जिस प्रकार से सेक्टर-छह में हालात बने हुए हैं, उससे लग रहा है कि यहां के लोगों का पुलिस सुरक्षा से भरोसा उठ चुका है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें