क्षेत्र के एक गुरुकुल की एक नाबालिग छात्रा के साथ दुराचार और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गुरुकुल की एक आचार्या ने ही छात्रा को बाहर ले जाकर एक युवक को पैसों के बदले में सौंप दिया। अनजान शख्स छात्रा को लेकर सेक्टर-6 के एक मकान में चला गया। आरोप है कि वहां उसने छात्रा के साथ दुराचार किया और उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद केस दर्ज कर लिया है। आचार्य के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया है कि आचार्या छात्रा को बहला-फुसलाकर अपनी गाड़ी में लेकर शहर आई। सब्जी मंडी के पास पहुंचने पर आचार्या ने किसी अनजान शख्स को फोन किया। कुछ देर में वह शख्स गाड़ी लेकर पहुंच गया। पहले तो आचार्या ने गुरुकुल में दान के लिए उस शख्स की 21 हजार रुपये चंदे की पर्ची काटी। उसके बाद छात्रा को उसकी गाड़ी में बैठा दिया। यह देख छात्रा असहज हो गई।
उसने मना किया तो आचार्या ने उसे यह कहकर बैठे रहने के लिए कह दिया कि वह खुद भी उसके साथ चलेगी। इसके बाद आचार्या वहां से निकल गई और गाड़ी लेकर आया अनजान शख्स छात्रा को लेकर सेक्टर-6 के एक मकान में चला गया। आरोप है कि वहां उसने छात्रा के साथ दुराचार और मारपीट की। घटना का कहीं भी जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
शहर थाना के अतिरिक्त प्रभारी ओमबीर सिंह का कहना है कि इस वारदात को लेकर केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा, जबकि आचार्या ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया।