झज्जर। गुलिया क्रिकेट अकादमी बहादुरगढ़ और हरियाणा क्रिकेट गुरुकुल की टीम के बीच खेले गए क्रिकेट मैच में गुलिया क्रिकेट अकादमी की टीम ने छह विकेट से जीत दर्ज की। मैच में गुलिया क्रिकेट अकादमी बहादुरगढ़ की टीम के खिलाड़ी अमित दलाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
बहादुरगढ़ स्थित झज्जर क्रिकेट ग्राउंड में गुलिया क्रिकेट अकादमी बहादुरगढ़ और हरियाणा क्रिकेट गुरुकुल की टीम के बीच एक क्रिकेट मैच खेला गया। हरियाणा क्रिकेट गुरुकुल की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा क्रिकेट गुरुकुल की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट पर 321 रन बनाए।
इस दौरान बल्लेबाजी में सचिन ने 113 और अंकित सिंह ने 110 रन बनाए। वहीं, गेंदबाजी में देवेश यादव, निखिल राठी व कृष्णा जोशी ने दो-दो विकेट हासिल किए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुलिया क्रिकेट अकादमी बहादुरगढ़ की टीम ने 44.5 ओवरों में चार विकेट पर 324 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली।
बल्लेबाजी में अमित दलाल ने 90 गेंदों में 12 चौकों व दो छक्कों की मदद से 102 रन बनाए। वहीं गेंदबाजी में आयुष शर्मा ने दो विकेट हासिल किए। इस दौरान मैच में हरियाणा क्रिकेट गुरुकुल की टीम के खिलाड़ी सचिन को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। गुलिया क्रिकेट अकादमी बहादुरगढ़ की टीम के खिलाड़ी देवेश राठी को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना गया।