बहादुरगढ़। ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य जसबीर सैनी ने सेक्टर-9 की समस्याओं को लेकर पंचकुला में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) विभाग के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर सतप्रकाश से मुलाकात की। सैनीपुरा नाले की समस्या के बारे में अधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने अधिकारी को सेक्टर-9 की खाली पड़ी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे की शिकायत भी दी। सैनी ने सेक्टर-9 की खाली पड़ी जमीन पर एचएसवीपी अधिकारी से पार्क बनवाने की मांग रखी। जिस पर चीफ एडमिनिस्ट्रेटर ने संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द पार्क का नक्शा बनाने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री के आदेश पर बनवाए जा रहे अटल नागरिक सुविधा केंद्रों को जल्द शुरू करवाने की मांग भी की गई। सैनी ने कहा कि सेक्टर-9 में बने नये पानी के बूस्टर को विधिवत रूप से 4 जून के बाद मुख्यमंत्री से उद्धघाटन करवाने की बात कही। उन्होंने सेक्टर-9/9ए में नये भवनों का निर्माण करने वाले लोगों द्वारा सड़क को पूरी तरह बंद करने व आमजन को परेशानी होने की समस्या से भी अधिकारियों को अवगत कराया। जिस पर उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क बंद करने वाले लोगों को नोटिस देकर कार्रवाई की जाए ताकि आमजन परेशान ना हो।