झज्जर। दिवाली पर जिले में केवल 7 और 8 नवंबर को ही ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति होगी। 9 नवंबर से पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध फिर प्रभावी हो जाएगा। इस दौरान सुबह 6 से 7 बजे और रात 8 से 10 बजे तक ही आतिशबाजी की जा सकेगी। पटाखों की बिक्री भी 6 नवंबर तक होगी और केवल सीएसआईआर-नीरी से अनुमोदित ग्रीन पटाखे ही बेचे जा सकेंगे।
एडीसी जगनिवास ने वीरवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर पटाखों की बिक्री, सुरक्षा प्रबंधों और निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने और आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।
जिले में ग्रीन पटाखों की बिक्री के लिए झज्जर, बहादुरगढ़, बादली और बेरी में निर्धारित केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर अग्निशमन दल और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रहेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारी भी तैनात किए जाएंगे।
नियमों की निगरानी के लिए चारों उपमंडलों में संयुक्त निरीक्षण टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें एसडीएम की निगरानी में काम करेंगी। अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के 300 मीटर के दायरे में पटाखे चलाने पर प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों की सुरक्षा राशि जब्त करने के साथ लाइसेंस भी रद्द किया जा सकेगा।