फोटो 75: बहादुरगढ़ में लाइनपार स्थित शंकर गार्डन में बंद पड़ी मौके पर दुकान। संवाद
बहादुरगढ़। गृहमंत्री अमित शाह के स्टाफ के लिए बहादुरगढ़ की जिस श्री खाटू श्याम इंटरप्राइजेज नाम की दुकान से दूध, दही और गुलाब जामुन भेजे गए थे, वह पिछले एक साल से बंद पड़ी है। मिठाई के 19 हजार रुपये के बिल पर भी जो पता लिखा हुआ है उस स्थान पर दूसरे के नाम से दुकान चल रही है। और तो और शुक्रवार को सभी के शटर भी बंद मिले। ऐसे में बंद दुकान के नाम से बिल बनाना और गुलाब जामुन में कांच के टुकड़े मिलना साजिश के साथ ही भ्रष्टाचार की ओर इशारा कर रहे हैं।
गृहमंत्री अमित शाह का शुक्रवार को रोहतक के आईएमटी और महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी (एमडीयू) में कार्यक्रम था। उनके स्टाफ के लिए बहादुरगढ़ की श्री खाटू श्याम इंटरप्राइजेज नाम की दुकान से मंगाए गुलाब जामुन में कांच का टुकड़ा मिलने के बाद खुफिया व एफडीए (फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) विभाग में हड़कंप मच गया। एफडीए की टीम ने मौके पर मौजूद खाने-पीने के सात सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे।
इधर, बहादुरगढ़ में जब शंकर गार्डन के गली नंबर तीन में जाकर पड़ताल की गई तो दुकान का शटर बंद मिला। शंकर गार्डन निवासी नरेंद्र कुमार और प्रकाश से दुकान के बारे में जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा, श्याम इंटरप्राइजेज नाम की दुकान तो नवंबर 2024 में ही बंद हो चुकी है। दुकान स्वामी यहां से आसपास के दुकानदारों का पैसा और अपना सारा सामान लेकर रफू चक्कर हो चुका है। संवाद