झज्जर। हरियाणा और दिल्ली की टीम के बीच खेले जा रहे अंडर-19 कूच बिहार ट्राॅफी के मैच में पहले दिन की खेल समाप्ति तक दिल्ली की टीम 114 रनों से पीछे रही। जिले के बहादुरगढ़ निवासी गौरिश दहिया ने 38 रन और बेरी निवासी सम्मी कादयान ने 27 रन बनाए।
नई दिल्ली के एयरफोर्स कॉम्प्लेक्स ग्राउंड पालम में हरियाणा और दिल्ली की टीम के बीच अंडर-19 कूच बिहार ट्राॅफी का मैच खेला जा रहा है। हरियाणा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा की टीम अपनी पहली पारी में 188 रनों पर ऑल आउट हो गई।
इस दौरान बल्लेबाजी में गौरिश दहिया ने 58 गेंदों में छह चौकों की मदद से 38 रन बनाए। वहीं, सम्मी कादयान 40 गेंदोंं में चार चौकों की मदद से 27 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की टीम ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट पर 74 रन बनाए।
इस दौरान गेंदबाजी में सम्मी कादयान ने तीन ओवरों की गेंदबाजी की, लेकिन उसे कोई विकेट हासिल नहीं हुआ। इस दौरान उसने एक ओवर मेडन किया।