झज्जर। यदि आप इंडेन गैस का प्रयोग करते हैं तो आपको अपना मोबाइल फोन साथ रखना होगा। इंडेन गैस की तरफ से डीएसी की नई व्यवस्था की गई है। डीएसी का पूरा नाम डिलिवरी ऑथेंटिकेशन कोड है। जब आप सिलिंडर की बुकिंग करते हैं तो आपको एसएमएस के जरिए एक नंबर मिलता है। इस नंबर का इस्तेमाल ओटीपी की तरह किया जाता है। सिलिंडर की डिलीवरी लेते समय चार डिजिट का समय यह कोड बताना होगा।इसके बाद ही आपकी डिलीवरी कंफर्म होगी। इंडेन की तरफ से पिछले दो दिन से यह नई व्यवस्था लागू कर दी है। इसलिए अब आप जब भी इंडेन गैस एजेंसी से खुद सिलिंडर लेने जाए तो अपना मोबाइल नंबर साथ लेकर जाएं। यही प्रक्रिया आनलाइन गैस बुकिंग की रहेगी।
यह दिक्कतें भी आ रहीं
इंडेन गैस की तरफ से यह प्रक्रिया लागू कर दी गई है, लेकिन आम जनता को इसके बारे में जानकारी तक नहीं है। रूटीन की तरह लोग एजेंसी पर गैस बुकिंग और डिलीवरी लेने के लिए आ रहे हैं। तब जाकर उनको मोबाइल नंबर से ओटीपी देने के लिए कहा जाता है। अधिकतर लोगों खास तौर पर महिलाओं और बुजुर्ग के पास मोबाइल नंबर ही नहीं होते। गैस कॉपी पर कई ऐसे लोगों के नंबर रजिस्टर्ड तक नहीं है। ऐसे में उन सभी के नंबरों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है ताकि ओटीपी आ सके।
वर्जन
गैस बुकिंग और डिलीवरी के दौरान डीएसी की प्रक्रिया अनिवार्य कर दी गई है। एजेंसी पर आकर और आनलाइन दोनों में यह लागू की गई है।
मनोज कुमार, इंडेन गैस एजेंसी, जहाजगढ़