फोटो-51: बहादुरगढ़ के एक पार्क में लगाए गए डस्टबिन। संवाद
बहादुरगढ़। शहर के पार्कों को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाए रखने के लिए नगर परिषद ने पहल की है। पार्कों में गंदगी फैलने से रोकने के लिए अब डस्टबिन लगाए जा रहे हैं।
शहर में करीब 70 से ज्यादा छोटे-बड़े पार्क हैं, जहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग सैर, व्यायाम और परिवार के साथ समय बिताने के लिए पहुंचते हैं लेकिन अब तक कई पार्कों में कूड़ा इधर-उधर फैला रहने से साफ-सफाई की समस्या बनी रहती थी। इसे ध्यान में रखते हुए नगर परिषद ने सभी प्रमुख पार्कों में डस्टबिन लगाने का निर्णय लिया है।
इस अभियान के तहत हरे और नीले रंग के डस्टबिन लगाए जा रहे हैं। हरे डस्टबिन में गीला कचरा जैसे फल-सब्जियों के छिलके और जैविक कचरा डाला जाएगा, जबकि नीले डस्टबिन में सूखा कचरा जैसे प्लास्टिक, कागज आदि डाला जाएगा। इससे कचरे का सही तरीके से पृथक्करण भी संभव हो सकेगा।
नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि इस कदम से न केवल पार्कों की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता भी बढ़ेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे इस व्यवस्था का पालन करें और कचरा हमेशा डस्टबिन में ही डालें, ताकि शहर के पार्क स्वच्छ और आकर्षक बने रहें।