झज्जर। केंद्र सरकार की तरफ से पारित करवाए गए कृषि कानूनों के विरोध में झज्जर के बादली व बेरी के विधायकों के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। पूर्व स्पीकर और बेरी के विधायक डॉ. रघुवीर सिंह कादयान व बादली के विधायक डॉ. कुलदीप वत्स ने राष्ट्रपति के नाम डीसी जितेंद्र दहिया को कृषि विधेयकों के विरोध में ज्ञापन सौंपा।
पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेसी विधायक डॉ. कादयान ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है और इसे निरस्त कर देना चाहिए। बताया कि भारत के जिस भी राज्य में कांग्रेस की सरकार है वहां पर इस अध्यादेश को कैंसिल कर दिया गया है और कांग्रेस पार्टी किसानों के हित के लिए सड़क से लेकर विधानसभा तक पूरी शिद्दत के साथ लड़ाई लड़ेगी।