बहादुरगढ़। क्षेत्र में धोखाधड़ी कर रुपये ठगने की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही। शातिर शेयर मार्केट में ट्रेडिंग, घर बैठे पैसे कमाने व अन्य लुभावने ऑफर देकर लोगों की मेहनत की पूंजी हड़प रहे हैं। अब शातिरों ने शेयर मार्केट में ट्रेडिंग का झांसा देकर एक व्यक्ति से करीब 8 लाख रुपये ठग लिए।
उत्तम कॉलोनी निवासी विनोद कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है और शेयर मार्केट में ट्रेडिंग करता था। अप्रैल 2024 में एक लिंक आया। उन्होंने लिंक पर क्लिक किया तो एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। आरोप है कि उन्हें ग्रुप से एक शिवम ट्रेडिंग के नाम से बैंक खाता दिया। उनके बताए अनुसार उन्होंने 1 जून 2024 को अपने बैंक खाते से 50 हजार रुपये डाल दिए।
इसके बाद एक बार फिर से उसने अपने खाते से 50 हजार रुपये और डाले। इसके बाद उस ग्रुप में अंजान व्यक्तियों की ओर से प्रोफिट दिखाया गया। उसे उन पर पूरा विश्वास हो गया कि यह ग्रुप सही है। इसके बाद वह लगातार उनके खाते में पैसे डालता रहा।
ग्रुप में दिखाए गए प्रोफिट में से कुछ पैसा निकालने के लिए उनको मैसेज के जरिये बोला तो उन लोगों ने कोई जवाब नहीं दिया। उसे शक हुआ कि अंजान लोगों ने उससे धोखाधड़ी कर 8 लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद वह किसी काम से शहर से बाहर चला गया। अब उसने साइबर थाना में आकर लिखित में शिकायत दी है।