झज्जर में साइबर ठगी के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। पुलिस द्वारा बार-बार जागरूक करने के बाद भी लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। खास बात यह है कि साइबर ठग किसी अनपढ़ को नहीं बल्कि पढे़-लिखों को ही ठग रहे हैं। पिछले तीन दिन में ही साइबर क्राइम थाने में 8 केस दर्ज हो चुके हैं। किसी ने अपना दोस्त, रिश्तेदार बनाकर ठगा तो किसी ने पुलिस अधिकारी बनकर लाखों रुपये खाते में डलवा दिए। पुलिस अधिकारियों की माने तो ऐसे लोगों से सावधान रहे और ठगी का शिकार होने से बचे।
पिता का जानकार बताकर डाले झूठे मैसेज, महिला स्वास्थ्य कर्मी से 90 हजार ठगे
बहादुरगढ़ के आर्य नगर निवासी कुसुम रोहिली से अज्ञात ने उसके पिता का दोस्त बनकर 90 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। महिला कुसुम रोहिली ने पुलिस में शिकायत दी है कि वह अंबाला में स्वास्थ्य विभाग में काम करती है। 2 दिसंबर 2023 को वह अपने घर पर थी। उसे मोबाइल नंबर पर फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह उसके पिता का जानकार है।
उसे मेरे पिता को 20 हजार रुपये देने थे, लेकिन गलती से एक लाख 10 हजार रुपये भेज दिए। जब उसने फोन का मैसेज चेक किया तो उसमें 25 हजार, 30 हजार व 55 हजार रुपये उसके खाते में आने के मैसेज आए हुए थे। अंजान व्यक्ति ने उसे 90 हजार रुपये वापस डालने के लिए कहा। उसने अपने खाते से उसे 90 हजार रुपये वापस भेज दिए। जब उसने कुछ देर बाद अपने खाता की डिटेल चैक कि तो उसके खाते में कोई राशि आई नहीं मिली। अंजान व्यक्ति ने झूठे मैसेज बनाकर उसके पास भेज रखे थे। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मौसा बनकर व्यक्ति से 95 हजार रुपये ठगे, केस दर्ज
बुपनिया निवासी एक व्यक्ति से उसका मौसा बनकर ठगों ने 95 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। बुपनिया निवासी दीपक ने पुलिस में शिकायत दी है कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। 8 मार्च की रात को उसके मोबाइल पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने अपने आपको उसका मौसा खरमाण निवासी प्रवीण बताया और उसका हालचाल पूछने लगा। वह उसकी बातों में आ गया। उसने मुहे कहा कि मैंने किसी से रुपये वापस लेने है, जो मेरे खाता में किसी कारण से रुपये नहीं आ रहे हैं।
वह उसके खाते में 20 हजार रुपये भिजवा रह है और बाद में ले लेगा। कुछ देर बाद बोला कि उसने 20 हजार रुपये डलवा दिए, लेकिन उसे चेक किया तो कोई राशि नहीं आई थी। उक्त व्यक्ति ने अपने दूसरे नंबर से व्हाट्सअप से स्क्रीनशॉट भेजा, जिसमें लिखा था कि 20 हजार रुपये उसके खाते में ट्रांसफर हो गए हैं। उसने अपनी बातों में उलझाकर उससे तीन बार 45 हजार, 20 हजार और 30 हजार रुपये की ट्रांजक्शन करवाई। बाद में उसे धोखे का पता चला। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।