बादली। चार साल के दिवांश ने अपने गुल्लक के पैसे को किसान आंदोलन में दान कर दिया है। गांव अच्छेज के रहने वाले दिवांश अपने दादा नफे सिंह के साथ किसान आंदोलन स्थल पर पहुंचा और गुलिया खाप के प्रधान विनोद बादली को गुल्लक सौंपी।
विनोद बादली ने दिवांश के हौसले को सलाम करते हुए दिवांश को समस्त ग्रामीणों की ओर से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि एक ओर कुछ किसान विरोधी ताकतें आंदोलन को खालिस्तानी और पाकिस्तानी जैसे नाम से जोड़ रही हैं, जबकि दूसरी ओर सच्चाई यह है कि छोटे बच्चों ने आंदोलन में भागीदारी कर उन लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में हमारी चार पीढ़ियां लगी हुई हैं। इसका एक उदाहरण आज बच्चे दिवांश ने प्रस्तुत किया है। यह किसान आंदोलन हमेशा इसको याद रखेगा कि किस प्रकार हमारे बच्चों ने इस आंदोलन में भाग लिया।