कस्बा के पाना बैठान से एक ही रात में पशुपालकों के 6 पशु चोरी होने का मामला सामने आया है। पशु चोरी होने की शिकायत पशु मालिकों ने बेरी शहर चौकी में दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। इससे पहले भी कई पशु चोरी के मामले सामने आए हैं, लेकिन पुलिस किसी भी पशु चोर को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
जानकारी के अनुसार पाना बैठान निवासी तकदीर ने अपने प्लॉट में एक भैंस बांध रखी थी। सुबह जब प्लॉट में गया तो भैंस गायब मिली। जब उसने भैंस की तलाश की तो वह नहीं मिली। एक के बाद एक तीन और स्थानों पर पशु चोरी के मामले सामने आए। आशीष कुमार बताया कि उसने अपने प्लॉट में एक भैंस बांध रखी थी। नवीन के प्लॉट में एक भैंस व एक कटिया बांधी हुई थी। अजय ने अपने प्लॉट में एक भैंस और एक झोटी बांधी हुई थी। जब सभी पशुपालक भैंसों को चारा डालने के लिए गए तो वे गायब मिले। पशु चोरी होने की शिकायत बेरी चौकी में दर्ज करवाई गई है। पुलिस चोरों का पता लगाने में जुट गई है।
पहले भी 12 पशु हो चुके हैं चोरी
गौरतलब है कि 19 दिसंबर को गांव बाघपुर से छप्पर में बंधी तीन भैंस चोरी हो गई थी, जिनका अभी तक सुराग नही लगा है। 23 दिसंबर को छुछकवास व मारौत गांव से 6 पशु चोरी हो गए थे। 7 जनवरी को बाघपुर व मांगावास से तीन पशु चोरी हो गए थे। जिनका अभी तक पता नहीं चला है।
पाना बैठान में पशु चोरी होने की शिकायत मिली थी। पशुपालकों की चार भैंस, एक कटिया, एक झोटी चोरी हुई है। पशु चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की कि रात के समय गांवों में ठीकरी पहरा शुरू कर दें, ताकि ठंड के मौसम में पशु चोरी की घटना ना हो।
अजीत सिंह, जांच अधिकारी, शहर पुलिस चौकी, बेरी।