-फोटो 82 : रेलवे स्टेशन पर विकास कार्यों का निरीक्षण करते रेलवे व नप के वाइस चेयरमैन पालेराम शर
बहादुरगढ़। शहर के लाइनपार क्षेत्र में लंबे समय से लंबित फुटओवर ब्रिज निर्माण और पार्कों के सुंदरीकरण को अब जल्द गति मिलने की उम्मीद है। शुक्रवार को वाइस चेयरमैन पालेराम शर्मा ने रेलवे अधिकारियों और नगर परिषद टीम के साथ संयुक्त निरीक्षण कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस दौरान वाइस चेयरमैन पालेराम शर्मा के साथ पार्षद संदीप अहलावत, पार्षद कर्मवीर शर्मा, एक्सईएन भारत भूषण शर्मा, एमई जोगिंदर सिंधु और जेई आशीष यादव मौजूद रहे। रेलवे की ओर से एडीआरएम एनएस बघेल, एडीईएनआर संदीप कुमार और एसएसई हरि शंकर भी निरीक्षण में शामिल हुए।
बैठक में फुटओवर ब्रिज के अधूरे कार्य को जल्द शुरू कराने पर विशेष जोर दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। वाइस चेयरमैन ने कहा कि पुल के बनने से लाइनपार के कई वार्डों के हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी और रेलवे ट्रैक पार करने की जोखिम भरी स्थिति से निजात मिलेगी।
पालेराम शर्मा ने बताया कि लाइनपार के पार्क की सीमा को परनाला फाटक तक बढ़ाया जाएगा जिससे क्षेत्र में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा। साथ ही रेलवे पार्क के रखरखाव के लिए नगर परिषद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि नगर परिषद विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। आने वाले समय में क्षेत्र की तस्वीर बदलने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने भी समन्वय बनाकर योजनाओं को समय पर पूरा करने का भरोसा दिलाया। लोगों को उम्मीद है कि इन योजनाओं के साकार होने से लाइनपार क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी और नागरिकों को सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण मिलेगा।