झज्जर। एक दिन की राहत के बाद रविवार को फिर से घना कोहरा छा गया। सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ था। इसके चलते दृश्यता 5 से 10 मीटर तक रही। कोहरे से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वह रेंग-रेंगकर गंतव्य की तरफ जाते नजर आए। दोपहर लगभग एक बजे तक कोहरा छाया रहा और शीतलहर ने सबको कंपकंपाए रखा। दोपहर तीन बजे निकली हल्की धूप से लोगों को जाकर राहत मिली। अभी दो दिन और घने कोहरे का अलर्ट जारी है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 14.3 और न्यूनतम 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार आने वाले दिनों में अभी आमजन को हाड़कंपा देने वाली ठंड से राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। लगातार कोहरा, कोल्ड डे और कोल्ड वेब अपने रंग दिखाते रहेंगे। आज भी एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से हल्की बादलवाही देखने को मिल रही है। साथ ही साथ 25 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से इलाके में बादलवाही देखने को मिलेगी और मौसम में बदलाव के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। वहीं रविवार को शहर में कोहरा सुबह के समय बूंद की तरफ टपकता नजर आया। इसके चलते शहर की सड़कें भी पूरी तरह से भीगी हुई नजर आई। आने वाले दिनों में अभी कोहरे व ठंड से निजात नहीं मिलेगी।