झज्जर। शहर के लघु सचिवालय में स्थित तहसील कार्यालय की बिक्री सेल में रविवार की सुबह करीब 8:00 बजे आग लग गई। इससे यहां रखे रिकार्ड, जरूरी दस्तावेज, फर्नीचर व अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियोें ने एक घंटे में आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
जिले में आग की घटनाओं का क्रम लगातार जारी है। रविवार की सुबह कुछ लोगों ने तहसील कार्यालय की बिक्री सेल में धुआं उठते हुए देखा। यह देखकर मौके पर भीड़ जुट गई। इस पर कुछ लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। साथ ही अन्य अधिकारियों को भी जानकारी दी गई। इस पर मौके पर अग्निशमन कर्मचारी अपनी गाड़ी से पहुंच गए। आग के कारण कार्यालय के तीनों मंजिलों पर धुआं फैल गया था। इससे दमकलकर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने कार्यालय में लगीं खिड़कियों के शीशे तोड़कर आग बुझाने का कार्य शुरू किया। इस दौरान उन्होंने एक घंटे में आग पर काबू पाया। घटना में कार्यालय का फर्नीचर, पुराने रिकॉर्ड, जरूरी कागजात और अन्य सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गए। रविवार का अवकाश होने के कारण कार्यालय में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था।
एसडीएम और सीटीएम पहुंची मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम शिखा व सीटीएम शिवजीत भारती मौके पर पहुंची। दोनों अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और तहसीलदार व संबंधित अधिकारियों को भी सूचना दी। एसडीएम ने कहा कि कार्यालय कानूनगो को बुलाया गया है। उनसे जानकारी लेने व जांच करने के बाद पता चल पाएगा कि यहां किस तरह का रिकॉर्ड और दस्तावेज रखे गए थे।
खंगाली जा रही सीसीटीवी फुटेज
आग लगने की घटना के बाद तहसील कार्यालय में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल अभी तक आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आग बिजली के शार्ट सर्किट से लगी है या किसी ने लगाई है। इस बारे में आधिकारिक स्तर पर अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
शिक्षा विभाग के कार्यालय में आग लगने की सूचना फैली
लघु सचिवालय के फेज-2 के प्रथम तल पर आग लगी हुई थी। पूरे भवन में शीशे लगे होने के कारण आग से धुआं तीनों मंजिलों पर फैल गया था। ऊपरी मंजिल से धुआं निकलने के कारण दमकल केंद्र व अधिकारियों को यही सूचना मिली थी कि शिक्षा विभाग के कार्यालय में आग लगी हुई है। लेकिन जब दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे तो पता चला कि तहसील कार्य की शाखा में लगी हुई है।
कोट
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। जांच की जा रही है। कार्यालय का रिकॉर्ड और फर्नीचर आदि जल गए हैं। काफी नुकसान हुआ है।
-शिखा, एसडीएम, झज्जर।