झज्जर। जिले में रविवार को कोरोना संक्रमण से ग्रस्त कोई भी मरीज नहीं मिला है। अब जिले में कोरोना के केवल 12 एक्टिव केस ही रह गए हैं, जिनमें से 7 कोरोना संक्रमितों का होम आइसोलेशन में उपचार हो रहा हैं। शेष पांच को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में रविवार को कोरोना संक्रमण से एक भी व्यक्ति मौत नहीं हुई है। वहीं, रिकवरी रेट का आंकड़ा 98.4 फीसदी है।
डीसी श्याम लाल पूनिया का कहना है कि कोरोना संक्रमण फैलाव को रोकने के लिए झज्जरवासी पूरी तरह से जागरूक हैं। धैर्य व संयम के साथ कोरोना की चेन को तोड़ने में प्रशासन आमजन के साथ मिलकर कदम उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिलेभर में कोरोना महामारी के दौर में अभी तक कुल 18 हजार 787 मरीज कोरोना संक्रमित हुए थे, जिनमें से 18 हजार 457 मरीज स्वास्थ्य सेवाएं लेते हुए अब पूर्ण रूप से स्वस्थ हो चुके हैं।
2,91,513 ने लगवाया टीका
डीसी ने बताया कि कोरोना से बचाव का सशक्त माध्यम टीकाकरण बन रहा है। ऐसे में कोरोना से दूरी बनाए रखने के लिए वैक्सीनेशन प्रक्रिया पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में रविवार शाम तक 2 लाख 45 हजार 209 ने प्रथम डोज व 46 हजार 304 नागरिकों ने कोरोना टीकाकरण की दूसरी डोज ले ली है।