-फोटो 61 : बाईपास पर झाड़ोदा बॉर्डर के नजदीक कबाड़ में लगी आग से उठता धुआं। संवाद
बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ बाईपास पर झाड़ोदा बॉर्डर के नजदीक शनिवार को कबाड़ में आग लग गई। आग लगने से आसमान में धुआं-धुआं हो गया और प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। राहगीरों द्वारा फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी गई। सूचना पर विभाग के कर्मचारी गाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग बुझती न देख पांच गाड़ियां मौके पर बुलाई गई। पांच गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे में आग को काबू किया गया।
राहगीर दीपक कुमार, चंचल, सुनील कुमार, कुलदीप कुमार ने बताया कि शनिवार को करीब साढ़े 11 बजे झाड़ोदा बॉर्डर के नजदीक पड़े कबाड़ में धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग भड़कने लगी और आसमान में काले धुएं का गुब्बार छा गया। आग बढ़ती देख लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंची, लेकिन आग काबू नहीं हो सकी। इसके बाद अधिकारियों ने तीन और गाड़ियां मौके पर बुलाई। इसके बाद आग को बुझाने के काम में तेजी लाई गई, लेकिन आग काफी तेज हो चुकी थी और आसमान काले धुएं से ढक गया था।
बताया गया है कि यहां पर फैक्ट्रियों से निकलने वाला वेस्ट रबड़, कपड़ा और ज्वलनशील पदार्थ फेंका गया था और उसे आग के हवाले किया गया था। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पांच गाड़ियों पर तैनात 20 कर्मचारियों की मदद से आग को तीन घंटे में काबू किया गया। इसके बाद आग शांत हुई, लेकिन देर रात तक धुआं उठता रहा। इससे प्रदूषण भी काफी बढ़ गया और आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी परेशानियां हुई।