-फोटो 52 : कंटेनर में रखी बैटरियों में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी। संवाद
बहादुरगढ़। सेक्टर-16 औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को मुंबई से लिथियम बैटरी और पावर बैंक की खेप लेकर पहुंचे एक कंटेनर में अचानक आग लग गई। इससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि समय पर दमकल को सूचना दी गई और आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इससे कोई जनहानि नहीं हुई।
उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद निवासी सुरेश अपने कंटेनर में लिथियम बैटरी और पावर बैंक लेकर सेक्टर-16 के प्लॉट नंबर 78 में बनी नास्तिक कंपनी बहादुरगढ़ पहुंचे। जैसे ही सुरेश बैटरियां उतारने लगे तो कंटेनर में रखे पैकेटों के बीच से धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में बैटरियों में तेज गर्मी बनने के कारण आग भड़क गई और पूरी खेप धधकने लगी।
सुरेश ने तुरंत कंपनी प्रबंधन और दमकल विभाग को सूचना दी। इस पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अनुमानित नुकसान लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।