-फोटो 62 : छोटूराम नगर में लगी झुग्गियों में आग में जला सामान। संवाद
बहादुरगढ़। लाइनपार वार्ड नंबर 10 के छोटूराम नगर में सोमवार की देर रात पीवीसी कबाड़ में आग लग गई। इसमें 12 झुग्गियां जलकर राख हो गई। इनमें रखा घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। दमकल कर्मचारियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
परनाला के विकास राठी के खेत में बनी झुग्गियों में अचानक आग लग गई। इनमें कबाड़ का काम किया जाता था और बड़ी मात्रा में कबाड़ा एकत्रित किया हुआ था। इसमें आग तेजी से भड़की तो लपटें देखकर झुग्गियों में रहने वाले लोग तेजी से बाहर निकलें और अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना दमकल विभाग को मिली तो कर्मचारी तीन गाड़ियां लेकर आग बुझाने पहुंचे और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। झुग्गी में रहने वाले बिहार के नालंदा निवासी दीपक ने बताया कि वह अपने परिवार समेत यहां पर रहता था। आग लगने के बाद वह झुग्गी जल गई इसमें घरेलू सामान रखा हुआ था।
मौके पर पहुंची पुलिस की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। कबाड़ा जलने से भारी नुकसान होने की आशंका है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन हो सकेगा। मंगलवार को भी दिनभर धुआं उठता रहा।