झज्जर। खानपुर खुर्द स्थित झज्जर पॉवर लिमिटेड को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय की तरफ से राष्ट्रीय जल पुरस्कारों की सर्वश्रेष्ठ उद्योग की श्रेणी में तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बुधवार को संस्थान के स्टेशन प्रमुख एवं पूर्णकालिक निदेशक भास्कर भट्टाचार्य ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। उनके साथ रसायन विज्ञान एवं पर्यावरण विभाग के विभागाध्यक्ष अनंत आर.एम. भी मौजूद रहे।
बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने संस्थान को अवार्ड देकर सम्मानित किया।
झज्जर पावर लिमिटेड ने बूंद-बूंद पानी पर नजर रखकर और पानी को बार-बार रिसाइकिल करके प्रयोग किया। इसके चलते प्लांट में पानी की खपत को 1.93 क्यूबिक मीटर प्रति मेगावाट प्रति घंटे तक लाया जा सका, जो केंद्र सरकार की ओर तय पानी की खपत की मात्रा 3.5 क्यूबिक मीटर प्रति मेगावाट प्रति घंटे से काफी कम रही। इसी प्रकार जीरो लिक्विड डिस्चार्ज के तहत प्लांट के घरेलू गंदे पानी के लिए एसटीपी और प्लांट के गंदे पानी के लिए ईटीपी लगाए गए, जहां पर पानी का ट्रीटमेंट किया गया। पानी को ट्रीट करके उसका दोबारा प्रयाेग किया।