एचएसआईआईडीसी के सेक्टर-16 में चल रही अनेडा इंडस्ट्रीज (कीटनाशक बनाने वाली) में शुक्रवार की शाम आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि झज्जर, रोहतक और दिल्ली से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ी। फैक्टरी में आग के दौरान केमिकल ड्रम फटने से धमाके भी हुए और आग की लपटें उठने लगी। आसमान में धुआं ही धुआं हो गया। आग की सूचना पाकर पुलिस और फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16 केे प्लॉट नंबर 44 में चल रही कीटनाशक बनाने वाली अनेडा इंडस्ट्रीज में आग लगने से लाखों रुपये की मशीनें और तैयार केमिकल नष्ट हो गया। आग शुक्रवार की शाम करीब साढ़े 5 बजे लगी, जिसे रात 8 बजे तक भी काबू नहीं पाया जा सका। आग बुझाने के लिए बहादुरगढ़ के अलावा दिल्ली, झज्जर और रोहतक से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ी। केमिकल के ड्रम फटने के साथ ही यहां की सड़कों की हालत भी खराब हो गई। वहीं अनेडा इंडस्ट्रीज के मालिक योगेश गोयल बताए गए हैं, जो बहादुरगढ़ के ओमेक्स सिटी में रहते हैं। दूसरी ओर अभी तक आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां
बहादुरगढ़ की फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से आग पर काबू पाता न देख अधिकारियों ने दिल्ली, झज्जर और रोहतक से गाड़ियों को बुलाया। इस दौरान 6 गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि तीन घंटे बाद भी काबू नहीं पाया जा सका। केमिकल के ड्रम फटने के साथ ही आग भी बढ़ती गई।
आसपास की फैक्ट्रियों की ओर बढ़ती रही आग
एचएसआईआईडीसी की 44 नंबर फैक्टरी में आग इतनी भयंकर थी कि फैक्टरी के दोनों तरफ बनी अन्य कंपनियों में भी पहुंचने लगी थी, लेकिन फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की और आग को बढ़ने नहीं दिया गया। वहीं आसपास की कंपनियों के कर्मचारियों ने सचेत होते हुए तैयार माल को सुरक्षा की दृष्टि से बाहर सड़क पर रखना शुरू कर दिया।