सप्ताह भर पहले आसौदा के नजदीक एनसीआर नहर में मिले महिला के शव की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ पाई है। महिला के गले पर कट का निशान था, ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर थाना सदर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्दबुर्द करने के आरोप में केस दर्ज किया है। चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह कार्यवाही अमल में लाई गई है।
महिला कहां कि रहने वाली, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि उसकी पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। बता दें कि जिस महिला का शव नहर में मिला था, उसके शरीर पर महरूम रंग का हरे फूल वाला कढ़ाई रंग का सूट, हरे रंग की सलवार थी, जबकि पांव में जामुनी रंग के जूते थे। उसके बाएं हाथ की कलाई पर घड़ी बंधी थी तो कानों में कुंडल भी थे। शव कई दिन पुराना होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई। हालांकि उसके गले पर गहरे कट का निशान होने से पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे हादसा न मानकर हत्या किए जाने का अंदेशा जताया था। लेकिन चिकित्सक रिपोर्ट के बाद ही अब अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ उसकी हत्या करके शव को खुर्द बुर्द करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।