बहादुरगढ़। क्षेत्र के गांव दहकोरा में एक दिन पहले अल सुबह अपने कमरे में सो रहे एक युवक की तेजधार हथियार से वारकर हत्या करने के मामले में आसौदा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है। दोनों आरोपी पिता-पुत्र हैं।
दहकोरा निवासी प्रदीप (24) मंगलवार की अल सुबह अपने घर के साथ बने एक कमरे में सो रहा था। उसी दौरान करीब सवा चार बजे स्कूटी पर सवार होकर दो व्यक्ति यहां पहुंचे। उन्होंने प्रदीप पर किसी नुकीले तेजधार हथियार से छाती व कमर पर कई वार कर दिए थे। इसमें उसकी मौत हो गई थी। आसौदा थाना पुलिस ने मृतक प्रदीप के चाचा जगमाल के बयान पर लुहारहेड़ी के रहने वाले पिता-पुत्र अजय व राजेश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। प्रदीप की कुछ माह पहले गांव लुहारहेड़ी के रहने वाले एक परिवार के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इस मामले में फिर दोनों पक्षों में आपसी तौर पर सुलह भी हो गई थी। थाना आसौदा प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि लुहारहेड़ी के रहने वाले पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। दोनों को दो दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है।