हत्या कर गांव कबलाना के पास फेंके गए युवक के शव के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को बड़ा खुलासा किया। शव की पहचान निजामपुर, दिल्ली के विनीत के तौर पर हुई।
हत्या उसके पिता राजेंद्र ने की थी। पिता को शक था कि उसका बेटा विनीत प्रॉपर्टी को लेकर उसकी हत्या कराना चाहता है। इससे पहले कि बेटा बाप की हत्या की सुपारी देता, पिता ने ही उसे गला घोंट कर मार डाला और शव को बोरे में डालकर बहादुरगढ़ रोड पर गांव कबलाना के पास फेंक दिया।
पुलिस ने मृतक के पिता को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
डीएसपी राजीव कुमार ने शुक्रवार को थाना झज्जर में पत्रकारों को बताया कि थाना प्रबंधक निरीक्षक प्रदीप कुमार की देखरेख में थाना में तैनात उपनिरीक्षक सतबीर सिंह की टीम ने शक की बिनाह पर मृतक युवक की हत्या के आरोप में उसके पिता राजेंद्र कुमार निवासी निजामपुर दिल्ली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में वह टूट गया और बताया कि उसने ही अपने पुत्र विनीत की हत्या की थी।
पुलिस के अनुसार राजेंद्र ने तीन शादियां की थीं। उसका लड़का विनीत पहली पत्नी से था। राजेंद्र ने अपने गांव में एक प्लॉट खरीद था और अब उसे बेचना चाहता था। प्रॉपर्टी को लेकर विनीत के साथ विवाद हो गया। राजेंद्र को शक था कि उसका लड़का ही उसकी हत्या कराने की फिराक में है।
बड़े आराम से दफ्तर में जा लगाई हाजिरी
राजेंद्र ने बताया कि उसने पूरी तैयारी करके 19/20 जनवरी की रात को अपने पशुओं के घेर में जाकर विनीत के गले में रस्सी डालकर उसका गला घोटकर हत्या कर दी।
मृतक के शव को ठिकाने लगाने के लिए एक प्लास्टिक के कट्टे में कंबल सहित डालकर अपनी वेरिटो गाड़ी में डाल कर गांव कबलाना के पास सड़क के नजदीक झाड़ियों में फेंक दिया। अपना गुनाह छिपाने के लिए उसने अपने दफ्तर पहुंचकर बायोमेट्रिक हाजिरी भी लगाई।
किसी को कोई संदेह ना हो इसके लिए उसने थाना कंझावला दिल्ली में 22 जनवरी को अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी लिखवा दी थी। डीएसपी राजीव ने बताया कि पकड़े गये आरोपी राजेंद्र को झज्जर अदालत में पेश किया गया जहां से उसे पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
यह था मामला
20 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव कबलाना के पास झज्जर-बहादुरगढ़ रोड के साथ एक कट्टे में किसी अज्ञात युवक का शव पड़ा है। मामले को लेकर थाना झज्जर में अज्ञात के खिलाफ हत्या व हत्या करके शव को खुर्दबुर्द करने का मामला दर्ज किया गया था।
मृतक की पहचान नहीं हो पायी थी। मामले को सुलझाने के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमों का गठन किया गया। थाना प्रबंधक झज्जर की दो व एसआईटी झज्जर की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हत्या के इस मामले से पर्दा उठाया है।