22jjrp03- शहर में प्रदर्शन करते किसान संगठनों के कार्यकर्ता। स्रोत : संगठन
झज्जर। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर मोर्चे से जुड़े विभिन्न किसान संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते के विरोध में बुधवार को किसान प्रतिज्ञा दिवस के रूप में मनाया। साथ ही, समझौते के विरोध में लघु सचिवालय पर धरना-प्रदर्शन किया और डोनाल्ड ट्रंप के फोटो का दहन किया। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपने से पहले जंतर-मंतर से संसद भवन की ओर जा रहे छात्रों और युवाओं पर पुलिस तथा अज्ञात लोगों द्वारा किए गए कथित लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की गई। किसान नेताओं ने छात्रों को चोट पहुंचाने के मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सदस्य जयकरण मांडौठी ने बताया कि ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग की गई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को कथित राष्ट्रविरोधी मुक्त व्यापार समझौते को लागू करने से रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार समझौतों के माध्यम से अत्यधिक सब्सिडी प्राप्त कृषि उत्पादों और प्रसंस्कृत औद्योगिक उत्पादों को भारतीय बाजार में आने की अनुमति दी जा रही है। इससे देश के करोड़ों छोटे और मध्यम किसानों के परिवारों तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
इस अवसर पर जयकरण मांडौठी, कैप्टन सतबीर सिंह, दिलबाग सिंह दलाल, जगबीर सिंह, सुनील कुमार, सतबीर सिंह दहिया, सुमित छिकारा और सुरेंद्र सिंह सिवाच उपस्थित रहे।