फोटो-57: बहादुरगढ़ के गांव औरंगाबाद में हुए कैंप में किसानों को ई भूमि पोर्टल पर जमीन का ब्योरा
बहादुरगढ़। मास्टर प्लान-2041 के तहत प्रस्तावित नए सेक्टरों को विकसित करने की दिशा में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने किसानों को कैंप लगाकर जागरूक किया गया। एचएसवीपी के एसडीओ कृष्ण मलिक और जेई अजय ने किसानों को सरकार की योजना के बारे में जानकारी दी।
कृष्ण मलिक ने कहा कि कैंप में किसानों को पोर्टल पर अपनी जमीन का विवरण दर्ज करने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई। साथ ही यह भी बताया गया कि जिन किसानों की सहमति मिलेगी उनकी जमीन सरकार की नीति के अनुसार खरीदी जाएगी।
किसानों ने अधिकारियों को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही ई-भूमि पोर्टल पर अपनी जमीन का ब्योरा और रेट दर्ज करेंगे।
गौरतलब है कि बहादुरगढ़ में मास्टर प्लान-2041 के तहत 29 नए रिहायशी और मिक्स लैंड यूज सेक्टर विकसित किए जाने हैं। इसके लिए 15 गांवों की करीब 6355 एकड़ जमीन खरीदी जानी प्रस्तावित है। इसी उद्देश्य से एचएसवीपी द्वारा 30 जून तक गांवों में विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।
अभियान के तहत 12 मई को बरकताबाद, 18 मई को बहादुरगढ़, 21 मई को सांखोल, 25 मई को सराय, 26 मई को बराही और 29 मई को कसार सहित अन्य गांवों में भी कैंप आयोजित किए जाएंगे।