झज्जर। लघु सचिवालय स्थित जिला उपायुक्त कार्यालय में बुधवार को करीब 20 गांवों के किसान भारतीय किसान कामगार अधिकार मोर्चा के तत्वावधान में एकजुट हुए। उन्होंने गांव से गुजर रही बिजली के बड़े खंभों की लाइन के लिए उचित मुआवजे की मांग की।
बताया कि जिले में हरियाणा बिजली निगम के बड़े खंभे लगभग 20 गांवों से होकर गुजर रहे हैं। उनकी मांग है कि जिस मुआवजा पॉलिसी से पावरग्रिड किसानों को जिले में 60 गांवों को मुआवजा राशि दी जा रही है उसी तरह एचपीवीएनएल भी आर्थिक नुकसान की भरपाई करे।
जब तक ये तय न हो तब तक किसानों पर दबाव बनाकर काम करने का प्रयास न किया जाए। 16 दिसंबर को भी किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से जिला उपायुक्त को अवगत कराया था। उन्होंने आश्वस्त किया था कि वे एमडी एचपीवीएनएल को पत्र लिखकर उनकी मांगों पर संज्ञान लेने का आग्रह करेंगे।
पावर ग्रिड का जो मुआवजा पहले से लगभग 60 गांवों के लिए तय हो चुका है। उसके वितरण में भी विलंब हो रहा है। सीकर से नरेला जाने वाली लाइन में जिले के नौ गांव के किसान भी इसमें हैं। बताया कि तीन सितंबर को वास्तविक मार्केट मूल्य तय होने के बावजूद खेतों में काम लगातार किया जा रहा है, परंतु मुआवजा अभी तक नहीं दिया।
खेजड़ी और नरेला लाइन से जिले के 13 गांवाें के किसान पीड़ित हैं। इनको मुआवजा देने में देरी हो रही है। साल्हावास ब्लॉक के तहसीलदार की तरफ से खाता तकसीम में बेवजह देरी की शिकायतों पर चर्चा हुई। साथ ही जिला उपायुक्त, डीआरओ, एसडीएम झज्जर, पावरग्रिड के सीनियर अधिकारी व भारतीय किसान कामगार अधिकार मोर्चा के प्रतिनिधियों की वार्ता चली।
इसके बाद जिला उपायुक्त ने पावरग्रिड से मुआवजा राशि के वितरण में आ रहे विलंब और समस्याओं को समाधान शिविर में रखने की बात कही, जिससे किसानों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा और मुआवजा राशि के वितरण में आ रहे विलंब की प्रकिया भी तेज होगी।
भारतीय किसान कामगार अधिकार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतेंद्र लोहचब ने बताया कि जब देश में एचटी लाइन के लिए भारत और हरियाणा सरकार ने किसानों को राहत देते हुए कानूनी प्रावधान मुआवजा पॉलिसी के रूप में किसानों को दिए तो हरियाणा बिजली निगम किस आधार पर किसानों का शोषण कर सकता है।
इस मुद्दे में उनका मोर्चा हिसार और हांसी जिले के किसानों के साथ संघर्ष कर रहा है। हरियाणा के सभी किसानों को उनका अधिकार दिलाने का काम पहले भी किया है और आज भी करेंगे। हरियाणा बिजली निगम की मनमानी नहीं चलेगी। हरियाणा प्रदेश के अध्यक्ष कर्मवीर दहिया ने कहा कि किसानों के फसल उजाड़े और प्रॉपर्टी नुकसान तक किसानों को नहीं मिले हैं।
राष्ट्रीय महासचिव रोहतास दलाल ने बताया कि आगामी एक फरवरी को किसान एचटी लाइन में मुआवजा पॉलिसी मिलने के उपलक्ष्य में जीत के प्रोग्राम का आयोजन होगा। इस दौरान धर्मेंद्र यादव, राकेश सरपंच, जितेंद्र मलिक, सूनील लोहचब, डॉ. आजाद सरपंच, रतन यादव रविंद्र, सतबीर, सत्ते, ऋषि, संदीप मौजूद रहे।
14jjrp08- झज्जर। मांगों को लेकर लघु सचिवाालय में पहुंचे किसान। स्रोत- किसान