झज्जर। कोट गांव में कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा किसान घर में मृत मिला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। मृतक के परिजनों ने चार लोगों परे रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कोट गांव निवासी 40 वर्षीय राजेश खेती-बाड़ी का काम करता था। राजेश के भाई सुरेश ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसका भाई राजेश रात को खाना खाकर सोया था। जब सुबह भाई राजेश को देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ा था। परिजनों आरोप है कि राजेश को गांव के ही एक परिवार के लोग बार-बार उसके भाई को पैसों के लेनदेन के चलते परेशान कर रहे थे। पुलिस में दी शिकायत में सुरेश ने कहा है कि उसके भाई ने तेजबीर उर्फ तेजू निवासी उखलचना (कोट) से ट्रैक्टर लाने के लिए एक लाख रुपये ब्याज पर उधार लिए थे।
इसकी लिखा पढ़ी भी करा रखी थी।तीज वाले दिन तेजबीर, हर्ष पुत्र तेजबीर व तेजबीर का छोटा लडका व तेजबीर के पिता राजेंद्र उनके घर पर आकर रुपये मांगने लगे। हमने पैसे देने का थोड़ा समय मांगा तो वे लोग उनका ट्रैक्टर ले गए। उन्होंने कहा कि उनके पैसे दे जाना और ट्रैक्टर ले लेना। उन्होंने करीब एक माह पहले जमीन बेचकर तेजबीर को एक लाख रुपये मूल और 12 हजार रुपये ब्याज के दे दिये थे। उन्होंने अपना ट्रैक्टर मांगा तो दूसरा पक्ष कहने लगे कि ट्रैक्टर किसी रिश्तेदारी में गया हुआ है और दो-तीन दिन में आ जाएगा, तब दे देंगे। बार-बार मांगने पर ट्रैक्टर नहीं दिया । अब ये लोग कह रहे हैं कि पहले जमीन की रजिस्ट्री करवाओ, तब ट्रैक्टर देंगे।
आरोप लगाया है कि तीन-चार दिन पहले उसके भाई की पत्नी को भी रास्ते में रोककर रजिस्ट्री कराने के लिए डराया धमकाया था। रात करीब 9 बजे मेरा भाई घर पर आया था और काफी डरा हुआ व सहमा हुआ था। कहने लगा कि मैंने तेजबीर से ट्रैक्टर के लिए कहा तो तेजबीर उर्फ तेजू, उसके दोनों लड़के व उसका पिता राजेन्द्र मुझसे जमीन की रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाने लगे। मुझे डराया, धमकाया और कहा कि रजिस्ट्री नहीं बनवाई तो परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसी दबाव के डर से उसके भाई ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने सुरेश कुमार की शिकायत पर तेजबीर, हर्ष, तेजबीर का छोटा लड़का व राजेंद्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।