बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ बहुत बड़ा औद्योगिक हब है। अलग-अलग क्षेत्रों में 7 औद्योगिक क्षेत्र बने हुए हैं। कुल साढ़े 7 हजार से अधिक औद्योगिक इकाइयां हैं। इनमें ढाई लाख से अधिक श्रमिक काम करते हैं। बहादुरगढ़ में आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र पार्ट-ए व बी, गणपति धाम, एचएसआईआईडीसी सेक्टर-16, 17, रोहद और दहकोरा, निजामपुर रोड, झज्जर रोड पर औद्योगिक क्षेत्र हैं। फुटवियर की एक हजार से अधिक छोटी-बड़ी फैक्ट्रियां हैं। इनके अलावा एल्युमीनियम, रंग बनाने की फैक्टरी, प्लास्टिक उद्योग समेत अन्य कई तरह की फैक्टरी हैं। 1 फरवरी को केंद्र सरकार की ओर से आम बजट पेश किया जाएगा। इसको लेकर बहादुरगढ़ के उद्यमियों को काफी उम्मीदें हैं।
बीसीसीआई के प्रधान सुभाष जग्गा ने कहा कि सरकार से उनकी सबसे बड़ी मांग है कि एक हजार के जूते पर 12 प्रतिशत जीएसटी को कम करते हुए 5 प्रतिशत किया जाए। वहीं बहादुरगढ़ में पोर्ट बनाया जाए, ताकि सामान लाने और ले जाने में किसी तरह की परेशानी न हो। वहीं बहादुरगढ़ में मेट्रो का विस्तार सांपला तक किया जाए।
कन्फेडेरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज (कोबी) के प्रधान प्रवीण गर्ग का कहना है कि उद्योग धंधों के लिए जो नीतियां बनाई गई हैं, उन्हें सरल किया जाए। आयकर में छूट बढ़े। एमएसएमई में मानव संसाधन कम हैं। कागजी औपचारिकताएं बढ़ गई हैं। उद्योग धंधों को राहत मिले।