18jjrp23- झज्जर। शहर से होकर जाती हुई डीटीसी बस। संवाद
झज्जर। डीटीसी बसों के संचालन का एक वर्ष बीत जाने के बाद भी डीटीसी बसों को शहर के सामान्य बस अड्डा में समय सारिणी के अनुसार काउंटर नहीं मिला है। बस अड्डा के बाहर से ही डीटीसी बसें यात्रियों को लेकर जा रही हैं। इस बारे में आरटीए अधिकारी अंकित चौकसे से बात की तो वह इस मामले में कुछ भी बताने से बचते नजर आए।
नजफगढ़ नांगलोई स्टैंड से लेकर शहर के सामान्य बस अड्डा तक डीटीसी की बसों को संचालित किया जा रहा है। इस दौरान डीटीसी की दो बसें सुबह-शाम में दो-दो चक्कर लगाती हैं। तत्कालीन दिल्ली सरकार की तरफ से पिछले वर्ष नवंबर माह में इन डीटीसी की बसों का संचालन शुरू किया गया था।
इसके बाद करीब सप्ताह भर के समय तक तो शहर के सामान्य बस अड्डा में रोडवेज विभाग की तरफ से डीटीसी बसाें को समय सारिणी के अनुसार काउंटर दिया गया था, लेकिन एक सप्ताह बाद डीटीसी बसों को काउंटर देना बंद कर दिया। इसके बाद डीटीसी की बस अड्डा के बाहर से सवारियों को लेकर जाने लगी।
पिछले करीब एक वर्ष से डीटीसी बसें सामान्य बस अड्डा के बाहर से सवारियों को लेकर जा रही हैं। एक वर्ष बीत जाने के बाद डीटीसी बसों को समय सारिणी के अनुसार काउंटर देने का समाधान नहीं हुआ है। इसके चलते डीटीसी बसों में जाने वाले यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।