झज्जर। डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया के लिए त्रुटिरहित मतदाता सूची जरूरी है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से एक जुलाई 2026 को अहर्ता तिथि मानते हुए एसआईआर-2026 प्रक्रिया चलाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई 2026 को जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों बेरी, बहादुरगढ़, झज्जर और बादली की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुनरीक्षण प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और जिम्मेदारी से पूरा किया जाए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण का सत्यापन करें तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि में दावे और आपत्तियां दर्ज कराएं।
वहीं, एसआईआर-2026 के लिए 27 जुलाई को लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा, जिसमें निर्वाचक पंजीयन अधिकारी और सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी भाग लेंगे।