फोटो-82: गुरुग्राम में प्री बजट बैठक में भाग लेते बहादुरगढ़ के उद्यमी। स्त्रोत बीसीसीआई
बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (बीसीसीआई) के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा हरियाणा विजन 2047 के तहत आयोजित प्री-बजट सत्र में भाग लिया और उनसे सीधा संवाद किया। इस दौरान उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह से भी सार्थक चर्चा हुई।
खुले मंच पर बीसीसीआई ने बहादुरगढ़ क्षेत्र की औद्योगिक आवश्यकताओं व समस्याओं को प्रभावी ढंग से रखा। बीसीसीआई ने आसौदा से केएमपी एक्सप्रेसवे तक मेट्रो विस्तार कर उसे बहादुरगढ़ से जोड़ने का प्रस्ताव रखा। साथ ही सांपला व खरखौदा को शामिल करते हुए बहादुरगढ़ को नया औद्योगिक जिला बनाने की बात कही।
पूर्व प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट हब के निर्माण, अपर्याप्त फायर ब्रिगेड व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आधुनिक वाहन, उपकरण व प्रशिक्षित स्टाफ के लिए अतिरिक्त बजट तथा देश का सबसे बड़ा फुटवियर क्लस्टर होने के कारण फुटवियर उद्योग को विशेष सब्सिडी व प्रोत्साहन देने की भी मांग की गई।
मुख्यमंत्री ने मांगों को आगामी बजट में शामिल करने का आश्वासन दिया। वहीं मंत्री राव नरबीर सिंह ने बजट पास होने वाले दिन प्रतिनिधिमंडल को अपने समक्ष बजट देखने का निमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल में सुभाष जग्गा, विकास आनंद दहिया (सोनी), केके सेठ व नरेंद्र छिकारा मौजूद रहे।