बहादुरगढ़। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (एचएसईबी) के कर्मचारियों ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। यूनिट प्रधान सुमित देशवाल की अध्यक्षता में बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी पावर हाउस स्थित कार्यकारी अभियंता कार्यालय पर एकत्रित हुए और जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
विज्ञापन
प्रदर्शन में 60 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों ने एक सुर में ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को रद्द करने की मांग उठाई और इसे कर्मचारी विरोधी करार दिया। आंदोलन में यूनिट के प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जिनमें अमित शर्मा सचिव, रविंद्र देशवाल वरिष्ठ प्रधान, राकेश ऑडिटर, बिजेंद्र फोगाट सहित अन्य कर्मचारी नेता शामिल थे।
वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी को रद्द नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अपनी मांगों को लेकर बिजली विभाग के कर्मचारी लगातार 6 दिन तक रोजाना दो घंटे का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शन यूनिट स्तर, सब-यूनिट स्तर और जिला हेड लेवल पर किया जाएगा।