बहादुरगढ़। नागरिक अस्पताल में वीरवार को ई-उपचार सेवाओं से जुड़े कंप्यूटर शोपीस बने रहे। इस वजह से ई-उपचार सेवाएं ठप रहीं। मरीज की केस हिस्ट्री जानने में डाक्टरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पंजीकरण कर्मचारियों को मैनुअल तरीके से ही कार्ड बनाने पड़े।
बुधवार को अस्पताल परिसर में सफाई अभियान चलाया गया तो इस दौरान ई-उपचार सेवाओं से संबंधित बिजली व सर्वर के पैनल बाक्स में पानी चला गया। इस कारण वीरवार को कंप्यूटर सेट ठप हो गए। सुबह जब इन कंप्यूटरों को ऑन किया तो वह नहीं चले। इस वजह से ई-उपचार सुविधा मरीजों को नहीं मिल पाई। अस्पताल के पंजीकरण केंद्रों पर ई-उपचार सेवा के तहत ओपीडी कार्ड बनाए जाते हैं। इसमें पूर्व का रिकार्ड भी तुरंत मिल जाता है। लेकिन वीरवार को कंप्यूटर सेट नहीं चलने के कारण ओपीडी पंजीकरण के लिए ऑनलाइन तरीके से नहीं बल्कि मैनुअल तरीके से ही कार्ड बनाए गए। हालांकि इस दौरान ओपीडी कार्ड बनाने में ज्यादा समय भी स्वास्थ्य कर्मियों को नहीं लगा। अन्य दिनों के मुकाबले मैनुअल तरीके से कार्ड बनने से एक तो समय की बचत हुई तो दूसरी ओर मरीजों की भीड़भाड़ भी पंजीकरण केंद्र पर नहीं दिखाई दी। ओपीडी पंजीकरण केंद्रों पर कार्यरत कर्मचारियों को भी ज्यादा परेशानी नहीं हुई और मैनुअल तरीके से कंप्यूटर बनाने से उन्हें भी काफी राहत मिली।