बहादुरगढ़। शहर के रेलवे स्टेशन के ई-रिक्शा और ऑटों की भीड़भाड़ से आए दिन जाम लग रहा है। इस मार्ग से प्रतिदिन लाइनपार क्षेत्र में स्थित वैश्य आर्य कन्या महाविद्यालय में छात्राओं का भी आवागमन रहता है। जाम की वजह से उन्हें भी परेशानी हो रही है। लोगों ने यहां से ऑटो हटवाकर जाम से निजात दिलाने की मांग की है। कॉलेज प्रबंधन ने रेलवे पुलिस और अधिकारियों को शिकायत दी गई है।
राहगीर विक्रम सिंह, प्रवीण कुमार, प्रमोद शर्मा, संदीप, सज्जन कुमार ने बताया कि वे प्रतिदिन रेल में सफर करते हैं। सुबह और शाम के समय स्टेशन के बाहर ई-रिक्शा और ऑटो चालकों की भीड़भाड़ रहती है। इससे आवागमन करने में काफी परेशानी होती है। ऑटो चालक सड़क के बीचोंबीच वाहन को खड़ा कर देते हैं। जिससे यात्री व स्कूली विद्याथियों को दिक्कत उठानी पड़ती है। लोगों का आरोप है कि रिक्शा चालक सवारी भरने के लिए उन्हें जबरन अपने वाहन में बैठाते की कोशिश करते हैं। अगर वे इसका विरोध करते हैं तो ई-रिक्शा चालक उनसे अभद्रता करने पर उतारू हो जाते हैं। ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ कई बार पुलिस को भी शिकायत दी गई है, लेकिन पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। स्टेशन के प्लेटफार्म पर जैसे ही ट्रेन आती है, उसी दौरान स्टेशन के बाहर जाम की स्थिति बनती है। जाम लगने के कारण यात्रियों को निकलने में परेशानी होती है। इस दौरान यात्री काफी मुश्किल से स्टेशन के बाहर और अंदर जा पाते हैं। किसी भी ट्रेन के आने पर यहां पर दस मिनट तक जाम की स्थिति रहती है।
नहीं नजर आते है स्टेशन के बाहर पुलिसकर्मी
स्टेशन के बाहर ऑटो की भीड़भाड़ रोकने के लिए पुलिस का कोई कर्मचारी नजर नहीं आता। आरपीएफ कर्मियों की ड्यूटी स्टेशन के बाहर तभी लगाईर् जाती है। जब कोई रेलवे का अधिकारी निरीक्षण के लिए स्टेशन में आता है। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी लगने से कोई भी ऑटो रिक्शा स्टेशन गेट पर नहीं आता है। लेकिन निरीक्षण कर अधिकारी जैसे ही वापस जाते हैं। ड्यूटी हटा ली जाती है और फिर स्टेशन के बाहर की स्थिति खराब हो जाती है।
वर्जन
रेलवे स्टेशन के बाहर आए दिन चेकिंग कर ई-रिक्शा चालकों को हटाया जाता है। अगर अब कोई नहीं मानता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
-बृजपाल सिंह, एसएचओ, जीआरपी बहादुरगढ़।