बहादुरगढ़। रेलवे विभाग की ओर से शहर की बराही फाटक क्रॉसिंग नंबर-24 पर सड़क मरम्मत कार्य कराया जाएगा। यह कार्य 6 अप्रैल से 8 अप्रैल तक लगातार तीन दिनों तक चलेगा। मरम्मत के दौरान फाटक लगातार दिन दिन तक बंद रहेगी। इससे आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
फाटक बंद होने से लाइनपार व फाटक के साथ लगते 10 वार्डों के करीब 50 हजार लोग प्रभावित होंगे। इन सभी को अपने गंतव्यों तक आवागमन करने के लिए वैकल्पिक रास्तों को अपनाना पड़ेगा। रेलवे विभाग ने इस कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए प्रशासन से सहयोग मांगा है।
विभाग ने अनुरोध किया है कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सड़क की मरम्मत से भविष्य में आवागमन और अधिक सुरक्षित व सुगम हो सकेगा।
वहीं रेलवे विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन तीन दिनों के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करें ताकि कार्य समय पर पूरा हो सके और किसी प्रकार की परेशानी न हो।
रेलवे अधिकारियों का पत्र आया है ताकि लोगों को पहले से इस बारे में अवगत कराया जा सके। यह जरूरी मरम्मत कार्य है लेकिन इसका असर आमजन पर पड़ेगा। दिनभर लोगों को वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ेगा। नाहरा-नाहरी रोड या फिर अन्य मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।
- रजनीश मोनू, पार्षद, वार्ड 1