-फोटो 61 : बहादुरगढ़ के शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में सैर करती महिलाएं। संवाद
बहादुरगढ़। दिवाली के बाद से लगातार शहर की हवा में जहर घुल रहा है। शहर कभी रेड तो कभी ऑरेंज जोन में होने की वजह से अब लोग मॉर्निंग वॉक से भी दूरी बना रहे हैं। ऐसे में पार्क और स्टेडियम में सुबह के समय लोगों की भीड़ कम ही रहती है।
डॉक्टरों ने कहा कि प्रदूषण बढ़ने के समय खुले में जाने से बचें और घर पर व्यायाम करें। सोमवार को बहादुरगढ़ का एक्यूआई सुबह से शाम तक लगातार कम होता रहा। इससे लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली। यह प्रदूषण हवा चलने के बाद कम हुआ।
शहर के शहीद ब्रिगेडियर होशियार सिंह स्टेडियम में प्रतिदिन सैर के लिए आने वाले गौरव गुप्ता व महिला पिंकी ने बताया कि प्रदूषण के कारण उन्होंने सुबह के समय सैर के लिए आन बंद कर दिया है।
नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सुंदरम ने कहा कि प्रदूषण शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को कम करता है। ऐसे में वायरल या दूसरे संक्रमण हो सकते हैं। अस्थमा, हृदय रोग, डायबिटीज के मरीजों को खासतौर पर अभी प्रदूषण से सुबह या शाम की सैर से बचना चाहिए।
हरियाणा राज्य प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी शैलेंद्र अरोड़ा ने बताया कि बहादुरगढ़ में पराली जलाने का एक भी मामला नहीं है। हालांकि सड़कों पर उड़ने वाली धूल को लेकर एनएचएआई को नोटिस देंगे। शहर की सड़कों पर पानी छिड़काव के लिए नगर परिषद को निर्देश दिए गए हैं।