फोटो 99: बहादुरगढ़ में वीरवार को शाम के समय हुई बूंदाबांदी के बाद सड़क हुई गीली। संवाद
बहादुरगढ़। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार वीरवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर भीषण गर्मी और तेज धूप के बाद शाम के समय तेज आंधी चली और क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम बदलने से तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हवा में नमी की मात्रा 37 से 97 प्रतिशत तक बनी थी। 16 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा के हिसाब से हवा चली।
वीरवार को दोपहर के समय शहर का अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं शाम करीब सात बजे तापमान घटकर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम में आए बदलाव के कारण लोगों ने राहत महसूस की। बाजारों और सड़कों पर भी शाम के समय लोगों की आवाजाही बढ़ गई। शाम होते-होते आसमान काले बादलों से ढक गया।
तेज हवा के कारण कई स्थानों पर धूल उड़ती रही और हल्की बूंदाबांदी भी हुई जिससे मौसम खुशगवार हो गया। हालांकि आंधी के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।