झज्जर। नगर परिषद वार्ड नंबर-15 में दो जगहों पर नालों का निर्माण करवाएगा। इसके लिए जल्द ही आनलाइन टेंडर जारी किए जाएंगे। इन दोनों नालों के निर्माण पर 99.85 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। नगर परिषद की तरफ से फाइनेंस एंड कांट्रैक्ट कमेटी की बैठक में मंजूरी मिल चुकी है।
दक्ष प्रजापति धर्मशाला से कोसली मोड तक आरसीसी बनाने में 49.90 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसी प्रकार से गुरुद्वारा चौक से गूगन लुहार के बीच आरसीसी पर 49.95 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इन दोनों कार्यों की मंजूरी पिछले दिनों कमेटी की बैठक में मिल चुकी है।
इन दोनों जगहों पर नालों की मांग काफी समय से की जा रही थी। बारिश के दिनों में गंदा पानी मुख्य मार्ग पर जमा हो जाता है। इस कारण आवागमन प्रभावित होता है। इसकी मांग कालोनी के लोग काफी समय से कर रहे थे। अब उनकी मांग को नगर परिषद पूरा करेगा और जल्द ही आनलाइन टेंडर जारी होंगे।
नगर परिषद के चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने बताया कि वार्ड 15 में नालों के निर्माण की मंजूरी कमेटी की बैठक में दे दी है। जल्द ही आनलाइन टेंडर लगाए जाएंगे।