बेरी। बेरी के प्रसिद्ध माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में नवरात्रों के दौरान भक्तों द्वारा मां के दरबार में चढ़ाई नेक कमाई की गिनती का कार्य बुधवार से शुरू कर दिया गया है। मंदिर में रखे दानपात्रों की गिनती अगले दो-तीन दिन मेें पूरी हो पाएगी। बेरी के नायब तहसीलदार रमेशचंद्र कुमार की देखरेख में गिनती का कार्य आरंभ हुआ। बुधवार को गिनती समाप्त होने तक 2 दान पात्र खोले गए जिससे 6 लाख 67 हजार रुपये की राशि एकत्रित हुई और बाकी बचे 7 दान पात्रों की गिनती का कार्य वीरवार को जारी रहेगा।
17 अक्तूबर से प्रारंभ हुए मां के नवरात्र में इस बार बेरी स्थित मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में कोविड-19 के चलते प्रशासन द्वारा मंदिर में कोविड-19 के नियमों की पालना करते हुए श्रद्धालुओं के दर्शन करवाए गए थे। भक्तों द्वारा धन रूपी भाव बेरी के दानपात्रों में डाले गए उनकी गिनती में करीब आधा दर्जन पटवारी लगे हुए हैं।
कैमरों की जद में हो रही है गिनती
नायब तहसीलदार रमेशचंद्र का कहना है कि दानपात्रों की इन राशि को गिने जाने के दौरान पारदर्शिता बरते जाने के मध्यनजर पूरे कार्य की वीडियोग्राफी कराई जा रही है तथा उस कक्ष में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। बुधवार देर शाम तक चले इस कार्य के बाद टीम द्वारा उस कक्ष को सील कर दिया गया है और गार्द की तैनाती भी उसके बाहर की गई है।
9 दानपात्रों में रखी गई है दान की राशि :
पटवारी सहदेव ने बताया कि बेरी के माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान पात्र को 9 दान पात्रों में एकत्रित किया गया। जिसके लिए तहसील से पटवारी यहां इनकी गिनती में दिन भर जूटे रहे। उन्होंने बताया कि बुधवार को खोले गए दो दान पात्रों में 2 हजार के 35 नोट, 500 के 600 नोट, 200 के 100 नोट, 100 के 1600 नोट, 50 के 1100 नोट, 20 के 400 नोट, 10 के 5400 नोट निकले हैं।
नवरात्रों के दौरान मां के दरबार में भक्तों द्वारा दान पात्रों में चढ़ाई गई नेक कमाई की गिनती का कार्य बुधवार से शुरू कर दिया। मंदिर में रखे दान पात्रों की संख्या 9 है। जिसमें बाहर मंदिर के 6 दान पात्र व अंदर वाले भवन से 3 दान पात्रों ने चढ़ावा एकत्रित किया गया। पहले दिन बाहर वाले मंदिर में रखे दान पात्रों में से 2 दान पात्र खोले गए जिनमें से 5 लाख 67 हजार राशि इकट्ठी की गई।
-रमेशचंद्र, नायब तहसीलदार